नोएडा के पॉश सेक्टर-51 में कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आलीशान सोसाइटी और हाईप्रोफाइल रिहायशी इलाके के तौर पर पहचाने जाने वाले इस सेक्टर में अब नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का आतंक बढ़ने का आरोप लगा है। हालात इतने खराब बताए जा रहे हैं कि महिलाएं और परिवार पार्कों में जाने से डरने लगे हैं।
पार्कों में महिलाओं और युवतियों से बदसलूकी के आरोप
आरडब्ल्यूए द्वारा थाना सेक्टर-49 पुलिस को भेजी गई शिकायत में कहा गया है कि सी-ब्लॉक पार्क, मेघदूतम पार्क, चिल्ड्रन पार्क और गेट नंबर-12 के आसपास असामाजिक तत्व खुलेआम घूमते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार ये लोग महिलाओं और युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और विरोध करने पर झगड़ा करने लगते हैं।
युवती से जबरदस्ती की कोशिश से मचा हड़कंप
शिकायत के मुताबिक हाल ही में कुछ युवकों ने एक युवती के साथ जबरदस्ती और दुर्व्यवहार करने की कोशिश की। बताया गया कि एक स्थानीय नागरिक ने मौके पर हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद सेक्टरवासियों में भारी आक्रोश है।
“सेक्टर में पुलिस पेट्रोलिंग नाम मात्र की”
आरडब्ल्यूए का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद सेक्टर में पुलिस पेट्रोलिंग बेहद कमजोर है। निवासियों का कहना है कि देर रात पुलिस वाहन केवल औपचारिकता निभाकर लौट जाता है, जबकि संवेदनशील स्थानों पर कोई प्रभावी निगरानी नहीं होती।
महिलाएं और बुजुर्ग महसूस कर रहे असुरक्षित
सेक्टरवासियों का कहना है कि मौजूदा हालात के कारण महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से पार्कों में नियमित गश्त, सीसीटीवी कैमरे लगाने और नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


