नोएडा। डूब क्षेत्र में विद्युत कनेक्शन आपूर्ति के लिए गठित समिति की बैठक बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में बिजली कनेक्शन देने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई।
विद्युत कंपनियों ने बताईं तकनीकी और नीतिगत अड़चनें
बैठक के दौरान जिले की विद्युत कंपनियों ने डूब क्षेत्र में विद्युतीकरण न करने संबंधी अपनी समस्या को पूर्व में हुए पत्राचारों के आधार पर रखा। अधिकारियों ने इस दौरान तकनीकी अड़चनों की भी जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री से बातचीत का दिया आश्वासन
सभी पक्षों को सुनने के बाद जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि इस मामले में 29 मई को मुख्यमंत्री से बातचीत की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि निवासियों को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
निवासियों ने आंदोलन जारी रखने की दी चेतावनी
भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि जब तक क्षेत्र के निवासियों को बिजली कनेक्शन नहीं मिल जाता, तब तक उनकी मांग जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि लोग लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं और समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।






