नोएडा।गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) ने छात्रों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने फूड इंडस्ट्री काउंसिल फॉर स्किल्स एंड इनोवेशन (फिकसी) के साथ प्रशिक्षण एवं रोजगार परियोजना के तहत साझेदारी की है, जिससे छात्रों को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण मिल सके।
18 छात्रों को मिला 200 घंटे का विशेष प्रशिक्षण
इस परियोजना के तहत स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के बीबीए और बीकॉम अंतिम सेमेस्टर के 18 विद्यार्थियों को स्किल इंडिया के प्रमाणित प्रशिक्षकों द्वारा 200 घंटे का ‘सेल्स एसोसिएट–फूड इंडस्ट्री’ प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्रों को खाद्य उद्योग की व्यावहारिक जरूरतों के अनुरूप तैयार करना था।
14 छात्रों का 5 लाख रुपये पैकेज पर चयन
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद स्किल इंडिया के मूल्यांकन में सभी 18 छात्र सफल रहे। इनमें से 14 विद्यार्थियों का चयन टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड में रीजनल सेल्स ऑफिसर के पद पर 5 लाख रुपये वार्षिक पैकेज के साथ हुआ है। शेष विद्यार्थियों को आईटीसी लिमिटेड में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कौशल आधारित शिक्षा से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में डीन अकादमिक प्रो. राजीव वार्ष्णेय ने कहा कि यह साझेदारी छात्रों के लिए रोजगार के नए अवसर खोलेगी। कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है, जिससे छात्रों को व्यावहारिक अनुभव और बेहतर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।


