Noida News: नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डीसीपी नोएडा साद मियां खान की अध्यक्षता में फोनरवा (FONRWA) और विभिन्न आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर उपायुक्त मनीषा सिंह, एसीपी प्रवीण कुमार सिंह समेत कई थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा, पेट्रोलिंग और महिलाओं की सुरक्षा पर चर्चा
बैठक के दौरान सेक्टरों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण, घरेलू सहायकों और किरायेदारों के सत्यापन अभियान को तेज करने तथा महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही आरडब्ल्यूए और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

शराब की दुकानों और पीजी को लेकर उठे सवाल
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने बताया कि कई सेक्टरों में शराब की दुकानों के आसपास असामाजिक तत्व पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते हैं, जिससे महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा सेक्टरों में संचालित पीजी में रहने वाले लोगों के नियमित सत्यापन की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
ट्रैफिक जाम बना बड़ी समस्या
बैठक में सेक्टर 12, 19, 29, 37, 55, 56, 62 और 117 समेत कई इलाकों में बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या को गंभीर मुद्दा बताया गया। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों से स्थायी समाधान की मांग की। वहीं सेक्टर 39, 40 और 50 में स्कूल बसों के कारण लगने वाले जाम को देखते हुए स्कूल बसों के लिए अलग स्टॉप और पार्किंग स्थल चिन्हित करने का सुझाव दिया गया।
हर महीने होगी पुलिस और RWA की बैठक
फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने पुलिस विभाग की कार्यशैली की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं महासचिव के के जैन ने सुझाव दिया कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में हर महीने आरडब्ल्यूए और पुलिस अधिकारियों की नियमित बैठक होनी चाहिए।
डीसीपी साद मियां खान ने भरोसा दिलाया कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और पुलिस विभाग आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखेगा।






