ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स ने छात्रों और खेल प्रेमियों के लिए नई पहल शुरू की है। अब यहां युवा मात्र 59 रुपये में बास्केटबाल, वालीबाल और टेबल टेनिस जैसी लोकप्रिय खेल सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
कम खर्च में बेहतर सुविधाएं
महंगाई के दौर में बेहद कम शुल्क पर खेल सुविधाएं मिलने से छात्रों में खेल के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है। कांप्लेक्स प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना और उनकी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
इंडोर और आउटडोर खेलों की भी व्यवस्था
कांप्लेक्स में बास्केटबाल, वालीबाल और टेबल टेनिस के अलावा फुटबाल समेत कई अन्य इंडोर और आउटडोर खेलों की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। छात्र अपनी पसंद और रुचि के अनुसार किसी भी खेल का चयन कर सकते हैं। सभी कोर्ट और मैदान अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों को प्रोफेशनल माहौल में अभ्यास करने का अवसर मिलेगा।
टाइम स्लॉट बुकिंग की सुविधा
खेल सुविधाओं का लाभ लेने के लिए छात्रों को पहले से अपना टाइम स्लॉट बुक करना होगा। बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाया गया है ताकि अधिक से अधिक युवा इसका फायदा उठा सकें। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स सुबह से शाम तक खुला रहता है, जिससे स्कूल और कॉलेज के बाद भी छात्र आसानी से प्रैक्टिस कर सकते हैं।
युवाओं को मैदान से जोड़ने की पहल
शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के असिस्टेंट मैनेजर खेल राहुल शर्मा ने बताया कि कम फीस में बेहतर खेल सुविधाएं मिलने से युवा मोबाइल और स्क्रीन से दूर होकर मैदान की ओर आकर्षित होंगे। इससे युवाओं में शारीरिक विकास के साथ-साथ टीम भावना और अनुशासन जैसे गुण भी विकसित होंगे।






