नोएडा । नोएडा और एनसीआर में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच अब इंसानों के साथ-साथ जानवर भी गर्मी से परेशान नजर आ रहे हैं। इसी बीच नोएडा की एक हाईराइज सोसाइटी में एक बंदर को स्विमिंग पूल में तैरते हुए देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जेपी विशटाउन सोसाइटी की घटना
यह मामला नोएडा के सेक्टर-126 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-128 स्थित जेपी विशटाउन सोसाइटी का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में बंदर आराम से स्विमिंग पूल में तैरता नजर आ रहा है। आसपास मौजूद लोगों ने इस अनोखे नजारे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
भीषण गर्मी से जानवर भी बेहाल
लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण सिर्फ लोग ही नहीं बल्कि जानवर भी व्याकुल हो रहे हैं। भीषण तापमान से राहत पाने के लिए जानवर अलग-अलग तरीके अपनाते दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी एनसीआर में लू और भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है।






