ग्रेटर नोएडा। मेरठ और बागपत में लगातार बारिश के बाद हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसका असर अब ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा, बिसरख, हैबतपुर और आसपास के डूब क्षेत्र में दिखाई देने लगा है, जिससे हजारों परिवारों की चिंता बढ़ गई है।
बाढ़ जैसे हालात की आशंका
यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रही और ऊपरी क्षेत्रों से पानी का दबाव बढ़ता रहा, तो निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। सबसे अधिक खतरा नदी के डूब क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित कॉलोनियों पर मंडरा रहा है।
हर साल होती है जलभराव की समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में हिंडन का जलस्तर बढ़ते ही इन कॉलोनियों में जलभराव की समस्या शुरू हो जाती है। कई बार हालात इतने गंभीर हो जाते हैं कि लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ता है।
घरों में पानी घुसने का डर
निवासियों का कहना है कि यदि हिंडन नदी का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो जल्द ही घरों में पानी घुस सकता है। लोगों ने प्रशासन से समय रहते आवश्यक इंतजाम करने और संभावित बाढ़ से बचाव के उपाय करने की मांग की है।


