नोएडा। सेक्टर-93 गेझा में मंगलवार रात सीवर की सफाई के दौरान सफाईकर्मी शिवा की मौत हो गई। प्रारंभिक आशंका है कि सीवर में जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण उनका दम घुट गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
नोएडा प्राधिकरण की सीवर सफाई के दौरान शिवा सीवर में उतरे थे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर साथियों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। मशक्कत के बाद उन्हें गंभीर हालत में बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा मानकों की होगी जांच
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सफाईकर्मी को सीवर में उतारने से पहले ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस डिटेक्टर, सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं।
परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद नोएडा प्राधिकरण का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और शव करीब एक से डेढ़ घंटे तक सीवर में पड़ा रहा। उन्होंने निष्पक्ष जांच और उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं, नोएडा प्राधिकरण ने मामले में संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर दिया है और संबंधित इंजीनियर की सेवा भी समाप्त कर दी है।


