नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव की गली नंबर-2 में मंगलवार को पांच मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग पर लगे एक इलेक्ट्रिक वाहन के चार्जर में स्पार्क होने से आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
दो लोगों की मौत, 50 परिवारों को बचाया
हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, इमारत में रहने वाले करीब 50 परिवारों को पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग की चपेट में आने से करीब 10 वाहन भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।
सात दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी, स्थानीय पुलिस और फायर कर्मियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मकान मालिक पर मुकदमा, हिरासत में लिया
पुलिस ने बताया कि जिस भवन में आग लगी, उसमें लगभग 50 परिवार रह रहे थे। मामले में मकान मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों में हुई लापरवाही की विस्तृत जांच कर रही है।


