नोएडा। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के सेक्टर-96 अंडरपास के पास तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से उस पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को जिला अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में एक युवक ने तोड़ा दम
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान तीन घायलों में से एक युवक की मौत हो गई। वहीं अन्य दो युवकों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार थे तीनों
पुलिस के अनुसार, सलारपुर गांव गली नंबर-10 स्थित रवि चौक के रहने वाले चंदन, गुलशन और नासिर बिना नंबर प्लेट वाली हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार थे। सोमवार दोपहर करीब 12:45 बजे तीनों सेक्टर-96 अंडरपास के पास पहुंचे, तभी हादसा हो गया।
मौके से टूटा हुआ हेलमेट मिला
घटनास्थल से पुलिस को एक टूटा हुआ हेलमेट मिला है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। मामले की जांच जारी है।


