नोएडा। परिवहन विभाग और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सेक्टर-126 क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान सात ओवरलोड ट्रक और डंपर को सीज कर दिया गया।
8.50 लाख रुपये का लगाया जुर्माना
कार्रवाई के दौरान सभी वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए। परिवहन विभाग ने ओवरलोडिंग के मामले में कुल 8.50 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
ओवरलोडिंग से बढ़ता है सड़क हादसों का खतरा
परिवहन विभाग के अनुसार, क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहनों में ब्रेक फेल होने, वाहन के अनियंत्रित होने और पलटने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है। ऐसे वाहन सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा साबित होते हैं।
भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले के विभिन्न मार्गों पर परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चलाती रहेंगी। ओवरलोडिंग, बिना परमिट संचालन और फिटनेस मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ शून्य सहनशीलता (जीरो टॉलरेंस) की नीति के तहत सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।


