नोएडा।दनकौर के यमुना प्राधिकरण क्षेत्र स्थित स्मार्ट विलेज उस्मानपुर में जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। समाजसेवी शाहरुख चौधरी और अलाउद्दीन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान बदहाल सड़क की ओर आकर्षित किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और गांव में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
जलभराव से राहगीरों और ग्रामीणों को हो रही परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि स्मार्ट विलेज घोषित होने के बावजूद गांव की सड़कें बदहाल हैं। बरसात के दौरान जगह-जगह जलभराव होने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। वहीं स्कूली बच्चों, महिलाओं, किसानों और बुजुर्गों को रोजाना आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कोई ठोस कार्रवाई
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाली और जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी के कारण लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण, बेहतर जल निकासी व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।


