नोएडा। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से आयोजित सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ) परीक्षा-2026 रविवार को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
तैयारियों की हुई समीक्षा
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर और परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों को परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
एडीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि यूपीएससी के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहें और अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि परीक्षा निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दिए गए निर्देश
प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेट और लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसरों को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या नकल की घटना न होने पाए।


