नोएडा के लुक्सर स्थित जिला कारागार में बंद एक विचाराधीन कैदी की सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को जेल के हेड वार्डर ने सूचना दी कि जेल में निरुद्ध 38 वर्षीय विनय समानिया, निवासी करावल नगर, नई दिल्ली की सुबह अचानक तबीयत खराब हो गई। जेल प्रशासन ने उसे तत्काल जिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
मामले की सूचना मिलने पर ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
मौत के कारणों की होगी पुष्टि
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।


