नोएडा। शहरवासियों के लिए खरीदारी और खाने-पीने के दो नए ठिकाने जल्द तैयार होने जा रहे हैं। लंबे समय से तैयार क्योस्क के संचालन की प्रक्रिया नोएडा प्राधिकरण ने एक बार फिर शुरू कर दी है। इन स्ट्रीट मार्केट के शुरू होने के बाद लोगों को खुले वातावरण में घूमने, खरीदारी करने और खान-पान का नया विकल्प मिलेगा।
सेक्टर-38ए और सेक्टर-18 में स्थापित होंगे 34 क्योस्क
नोएडा। सेक्टर-38ए में बोटेनिकल गार्डन और जीआईपी मॉल के बीच 19 क्योस्क स्थापित किए जाएंगे, जबकि सेक्टर-18 में 15 क्योस्क लगाए जाएंगे। इन दोनों स्थानों को स्ट्रीट मार्केट के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे युवाओं और परिवारों को शाम के समय घूमने और खाने-पीने के लिए नया स्थान मिल सकेगा।
17 सितंबर तक कंपनियां कर सकेंगी आवेदन
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के सामान्य प्रशासन विभाग ने क्योस्क के संचालन के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) जारी कर इच्छुक कंपनियों से आवेदन मांगे हैं। कंपनियां 17 सितंबर तक आवेदन जमा कर सकेंगी। इसके बाद तय नियमों और शर्तों के आधार पर क्योस्क का आवंटन किया जाएगा।
इंदौर के 56 दुकान मार्केट की तर्ज पर होगा विकास
नोएडा। प्राधिकरण की योजना दोनों स्ट्रीट मार्केट को इंदौर के प्रसिद्ध 56 दुकान मार्केट की तर्ज पर विकसित करने की है। यहां मुख्य रूप से खाने-पीने की दुकानें होंगी। अलग-अलग प्रकार के व्यंजनों के साथ लोगों को बैठने, घूमने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की योजना है।


