नोएडा। कोतवाली बादलपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरिया लदे ट्रक के चालक की मौत हो गई। चालक को वाहन चलाते समय नींद की झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले को पार करता हुआ बिजली के पोल से टकराकर पलट गया।
सरिया केबिन में घुसा, मौके पर तोड़ा दम
हादसे के दौरान ट्रक में लदा सरिया केबिन में घुस गया, जिससे चालक आमिर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद शव ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे बाहर निकालने में पुलिस को करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
बुलंदशहर से गाजियाबाद जा रहा था ट्रक
कोतवाली प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि बुलंदशहर के चांदपुर निवासी 28 वर्षीय आमिर पुत्र मकसूद खान सरिया से भरा ट्रक लेकर बुलंदशहर से गाजियाबाद जा रहा था। सुबह करीब 5:50 बजे छपरौला स्थित पीएनबी बैंक के सामने चालक को झपकी आ गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया।
घंटों जाम, पुलिस ने संभाली व्यवस्था
हादसे के बाद ट्रक सड़क पर पलटने से यातायात प्रभावित हो गया और कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, क्रेन की मदद से ट्रक हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


