नोएडा। थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के सेक्टर-135 स्थित एक फार्महाउस के स्विमिंग पूल में नहाने के दौरान 26 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मणिपुर का रहने वाला था युवक
मृतक की पहचान मणिपुर निवासी लकी सनवऊ डामया (26) के रूप में हुई है। वह नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और नौकरी के सिलसिले में शहर में रह रहा था। घटना के बाद उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
हार्ट अटैक आने की भी आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि स्विमिंग के दौरान युवक को हार्ट अटैक आया, जिसके बाद वह पानी में डूब गया। हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी तरह की संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है और जांच जारी है।


