ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की प्रगति की समीक्षा मंगलवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने की। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी इसकी गंभीरता को समझते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य करें।
लक्ष्य पूरा करने पर दिया जोर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन से प्राप्त लक्ष्य के अनुसार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों से अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त कर योजना के लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए।
जिले को मिला 40 जोड़ों का लक्ष्य
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिले को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कुल 40 जोड़ों का लक्ष्य मिला है। इस लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभागों को सक्रिय किया गया है।
विशेष अभियान चलाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पात्र जोड़ों के अधिकाधिक आवेदन कराने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


