
नोएडा । सेक्टर-105 स्थित श्री कल्याण सुंदरम शिव मंदिर में श्री राधा अष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और सेक्टरवासियों के संयुक्त आयोजन में मंदिर परिसर को भक्ति के रंग में सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया और पूरे परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा।

राधा रानी के दिव्य श्रृंगार और आरती ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत श्री राधा रानी के विशेष श्रृंगार, महापूजा और संगीतमय आरती से हुई। इस दौरान “राधे-राधे” और “किशोरी जी” के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर झूमते हुए पूजा-अर्चना की और राधा रानी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। महापूजा और आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच चरणामृत और फलाहारी महाप्रसाद का वितरण किया गया।

RWA पदाधिकारियों और सेक्टरवासियों ने निभाई अहम भूमिका
आयोजन का नेतृत्व RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय, महासचिव राजीव दुबलिश, उपाध्यक्ष रानी गौतम, कोषाध्यक्ष सुरेश बंसल, संयुक्त सचिव अनिल भदौरिया सहित उमेश माथुर, नवीन पालीवाल और महेश चौहान ने किया। RWA अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने सेक्टरवासियों को श्री राधा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।
महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
समारोह में सेक्टर की महिलाओं, बच्चों और गणमान्य नागरिकों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में मनमोहन शर्मा, ब्रह्म सिंह, शिव कुमार शर्मा, रानी भदौरिया और रश्मी सिंह सहित बड़ी संख्या में सेक्टरवासी मौजूद रहे। सभी ने पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के समापन पर महासचिव राजीव दुबलिश ने आयोजन को सफल बनाने के लिए RWA पदाधिकारियों और सभी सेक्टरवासियों का आभार जताया।


