ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र की कलाधाम सोसायटी के पास शनिवार शाम बोरिंग के लिए खोदे गए करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सीवान यादव के छह वर्षीय बेटे अभ्यान की मौत हो गई।
बोरिंग के लिए खोदा गया था गड्ढा
जानकारी के अनुसार, गड्ढा बोरिंग कार्य के लिए खोदा गया था, जिसमें बारिश का पानी भर गया था। हादसे के समय मासूम उसी गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।
बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड नहीं थे
घटनास्थल पर न तो सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई थी और न ही लोगों को सावधान करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। इस कारण स्थानीय लोगों ने सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
स्वजन ने प्राधिकरण पर लगाया लापरवाही का आरोप
पीड़ित परिवार ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए नॉलेज पार्क कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया है। स्वजन ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


