नोएडा के नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र स्थित एक नामी निजी स्कूल में सातवीं कक्षा की बधिर छात्रा के साथ बस चालक द्वारा लगातार चार महीने तक अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। पीड़िता राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुकी है। घटना का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सहेली ने देखा तो खुला मामला
जानकारी के अनुसार, छात्रा के साथ हो रही अश्लील हरकत को उसकी सहेली ने देख लिया। इसके बाद उसने यह बात परिजनों तक पहुंचाई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
आरोपी चालक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पुलिस ने इटावा जिले के सैफई कोतवाली क्षेत्र के कुशीनगर गांव निवासी बस चालक लवकुश यादव (25) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
स्कूल प्रबंधन से मांगा जवाब
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को भी नोटिस जारी किया है। पुलिस ने चालक की नियुक्ति, पुलिस वेरिफिकेशन और उससे जुड़े अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्कूल की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।


