नोएडा। चोटपुर कॉलोनी और छिजारसी क्षेत्र में उत्पन्न बिजली संकट को लेकर नोएडा सिटीजन फोरम (एनसीएफ) की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से बातचीत की।
वैध बिजली कनेक्शन काटे जाने की शिकायत
स्थानीय निवासियों ने शालिनी सिंह को बताया कि अवैध बिजली कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कुछ वैध बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काट दिए गए हैं। इसके कारण क्षेत्र में बिजली संकट के साथ-साथ पानी की समस्या भी गंभीर हो गई है। शालिनी सिंह ने मामले की जानकारी विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
अधिकारियों ने वैध कनेक्शन बहाल करने का दिया आश्वासन
एनसीएफ की ओर से अधिकारियों से वार्ता के बाद आश्वासन दिया गया कि जिन उपभोक्ताओं के पास वैध पर्ची और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं, उनके बिजली कनेक्शन और मीटर लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। अधिकारियों ने पात्र उपभोक्ताओं की समस्या का जल्द समाधान करने की बात कही है।
एनसीएफ टीम ने किया प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण
बिजली संकट की जानकारी मिलने के बाद एनसीएफ की टीम ने चोटपुर कॉलोनी और छिजारसी गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने स्थानीय निवासियों और बिजली उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी जुटाई और पूरे मामले से कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह को अवगत कराया।


