[gtranslate]
[gtranslate]

नोएडा की हाईराइज सोसायटी में गिरी छत, बाल-बाल बची जान

नोएडा के सेक्टर-75 स्थित गार्डेनिया गेटवे सोसायटी में एक फ्लैट की बेडरूम की छत का बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया। गनीमत रही कि हादसे से कुछ मिनट पहले ही कमरे में मौजूद व्यक्ति बाहर निकल गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना के बाद हाईराइज सोसायटियों की निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

बेड से उठते ही भरभराकर गिरी छत

यह घटना टावर C-2 के फ्लैट नंबर-1814 में हुई। जानकारी के अनुसार बेडरूम की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। फ्लैट मालिक राकेश खोकर ने यह फ्लैट किराये पर दिया हुआ है। यदि उस समय किरायेदार कमरे में मौजूद होता तो गंभीर चोट लग सकती थी।

मरम्मत नहीं, पूरे स्ट्रक्चरल ऑडिट की मांग

घटना की सूचना मिलने पर बिल्डर की ओर से मरम्मत के लिए कर्मचारी भेजे गए, लेकिन सोसायटी के निवासियों ने उन्हें वापस लौटा दिया। उनका कहना है कि केवल एक फ्लैट की मरम्मत से समस्या का समाधान नहीं होगा। पूरे परिसर का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाए ताकि अन्य फ्लैटों की स्थिति का भी पता चल सके।

घटिया निर्माण सामग्री के आरोप

निवासियों का आरोप है कि कई बिल्डरों ने निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया, जिसके कारण अब छत और प्लास्टर गिरने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच और सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

हाल के महीनों में ग्रेटर नोएडा और नोएडा की कई हाईराइज सोसायटियों में छत और प्लास्टर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने फ्लैट खरीदारों और किरायेदारों की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।

रखरखाव पर भी उठे सवाल

सोसायटी के निवासियों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में हर साल फ्लैटों का किराया बढ़ाया जाता है, लेकिन नियमित रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। उनका कहना है कि मकान मालिकों और बिल्डरों की जिम्मेदारी है कि वे किरायेदारों और निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

नोएडा से 2027 विधानसभा चुनाव कौन जीतेगा?

View Results

Loading ...

आज का राशिफल देखें