
ग्रेटर नोएडा। नोएडा में संपत्तियों की बढ़ती खरीद-फरोख्त और उपनिबंधन कार्यालयों पर बढ़ते काम के दबाव को देखते हुए दो नए उपनिबंधन कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। इनमें एक कार्यालय दादरी और दूसरा ग्रेटर नोएडा में बनाया जाएगा। दादरी में पहले से स्वीकृत उपनिबंधन कार्यालय अगले सप्ताह से काम करना शुरू कर देगा। इसके साथ ही जिले में उपनिबंधकों के कार्यक्षेत्र का भी नए सिरे से निर्धारण किया जाएगा।

दादरी में रोजाना 200 से 250 रजिस्ट्री
जिले के सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में लगातार काम का दबाव बना हुआ है। दादरी में सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 200 से 250 रजिस्ट्री होती हैं। नवरात्र जैसे विशेष अवसरों पर यह संख्या बढ़कर करीब 400 तक पहुंच जाती है। दादरी कार्यालय में नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की संपत्तियों की भी रजिस्ट्री होती है। अधिक संख्या में लोग पहुंचने के कारण रजिस्ट्री कराने में काफी समय लगता है और लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
अगले सप्ताह शुरू होगा दूसरा कार्यालय
काम के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए दादरी में एक अतिरिक्त सब रजिस्ट्रार कार्यालय पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है। हालांकि, अभी तक इसका संचालन शुरू नहीं हुआ है। अब अगले सप्ताह से यह कार्यालय काम करना शुरू कर देगा। इसके बाद दादरी में रजिस्ट्री के लिए दो उपनिबंधन कार्यालय उपलब्ध होंगे। लोग अपनी सुविधा के अनुसार दोनों में से किसी भी कार्यालय में संपत्ति की रजिस्ट्री करा सकेंगे।
दादरी और ग्रेटर नोएडा में नियुक्ति का प्रस्ताव
जिले में बढ़ते कार्यभार को देखते हुए शासन ने उपनिबंधन कार्यालयों के पुनर्गठन और उपनिबंधकों के कार्यक्षेत्र के पुनर्निर्धारण को लेकर प्रस्ताव मांगा है। इसके साथ ही दादरी और ग्रेटर नोएडा में एक-एक सब रजिस्ट्रार की नियुक्ति का प्रस्ताव भी शासन को भेजने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों के स्थायी कार्यालय की व्यवस्था को लेकर भी कवायद की जा रही है।


