
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा दीवाली से पहले लोगों को मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों से बचाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर 24 और 25 अक्टूबर को ऑनलाइन ग्रोसरी प्लेटफॉर्म के वेयरहाउस और डार्क स्टोरों की जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 18 वेयरहाउस और स्टोरों की जांच की गई, जिनमें कमियां मिलने पर 16 को सुधार नोटिस जारी किए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों के तीन नमूने जांच के लिए भेजे गए।

बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस में मिली खामियां
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जांच के दौरान इकोटेक-3 स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा, मौके पर जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। विभाग ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों को नियमों के अनुसार सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
जोमैटो हाइपरमार्ट को भी जारी हुआ नोटिस
जांच अभियान के दौरान जोमैटो हाइपरमार्ट में भी खामियां सामने आईं, जिसके बाद विभाग ने नोटिस जारी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों के भंडारण और साफ-सफाई में लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो।
दादरी से सूरजपुर और सेक्टर-62 तक हुई जांच
विभाग की टीम ने दादरी में स्विगी और जोमैटो हाइपरमार्ट की जांच के दौरान पनीर का नमूना लिया। वहीं, सूरजपुर स्थित स्टोर से मूंगफली के दाने का नमूना जांच के लिए भेजा गया। सूरजपुर, बीटा-1 और सेक्टर-62 स्थित ब्लिंकिट स्टोरों पर भी गंदगी और जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं होने के कारण नोटिस जारी किए गए। विभाग के अनुसार, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।


