Noida News : राष्ट्रीय हनुमान दल के जिला संगठन महामंत्री एन.के. सीलकी ने जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर को पत्र भेजकर पूरे नोएडा शहर की प्रमुख समस्याओं को जल्द हल कराने की मांग की है। पत्र में आवारा गौवंश, पेयजल, साप्ताहिक बाजार और सार्वजनिक शौचालयों की बदहाल स्थिति को लेकर चिंता जताई गई है।
गौमाता के लिए पानी की व्यवस्था की मांग
पत्र में कहा गया है कि नोएडा की सड़कों पर बड़ी संख्या में गौमाता घूम रही हैं, लेकिन उनके लिए पानी पीने की कोई व्यवस्था नहीं है। मांग की गई कि शहर के प्रमुख चौराहों और स्थानों पर पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
गरीबों के लिए आरओ लगाने की अपील
एन.के. सीलकी ने मांग की कि गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों के लिए नोएडा प्राधिकरण द्वारा सार्वजनिक स्थानों और शौचालयों के पास आरओ लगाए जाएं, ताकि उन्हें स्वच्छ पेयजल मिल सके।
साप्ताहिक बाजारों से बढ़ रही परेशानी
पत्र में आरोप लगाया गया कि साप्ताहिक बाजारों के कारण सोसायटियों में आने-जाने में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन से अनुरोध किया गया कि इन बाजारों को चिन्हित कर रिहायशी इलाकों से अलग स्थानों पर शिफ्ट किया जाए।
सार्वजनिक शौचालयों की हालत पर सवाल
पत्र में यह भी कहा गया कि शहर के कई सार्वजनिक शौचालय बंद पड़े हैं और जो चालू हैं उनकी स्थिति बेहद खराब है। मांग की गई कि बंद शौचालयों को शुरू कराया जाए और खराब शौचालयों का रखरखाव कराया जाए। एन.के. सीलकी ने जिलाधिकारी से अपील की कि नोएडा के हित में इन सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान कराया जाए।






