नोएडा। सेक्टर-120 के पार्कों की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। आरोप है कि नोएडा प्राधिकरण के हॉर्टिकल्चर विभाग की घोर लापरवाही के कारण कभी हरियाली और सैर-सपाटे के लिए बनाए गए पार्क अब घने जंगल का रूप ले चुके हैं। महीनों से घास की कटाई और नियमित रखरखाव नहीं होने के कारण पार्कों में झाड़ियां इतनी बढ़ गई हैं कि वहां जहरीले और खतरनाक जीव-जंतुओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्कों में बढ़ी झाड़ियों के कारण सांप, गोह और अन्य खतरनाक जीवों के छिपने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में बच्चों, महिलाओं और सुबह-शाम टहलने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। डर के कारण कई परिवारों ने पार्कों में जाना तक बंद कर दिया है।
‘क्या हादसे का इंतजार कर रहा है प्राधिकरण?’
निवासियों ने मांग की है कि नोएडा प्राधिकरण तत्काल पार्कों की सफाई, घास की कटाई और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करे। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।


