नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट के पास घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) त्योहारी सीजन में आवासीय प्लॉट योजना लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। प्रस्ताव को आगामी बोर्ड बैठक में मंजूरी के लिए रखा जा सकता है।
17 अगस्त की बोर्ड बैठक में आ सकते हैं प्लॉट योजना के प्रस्ताव
यीडा की बोर्ड बैठक 17 अगस्त को संभावित बताई जा रही है। सीईओ राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर विभिन्न विभागों ने बैठक के एजेंडे की तैयारी शुरू कर दी है। बैठक में किसानों से जुड़े प्रस्तावों के साथ अलग-अलग श्रेणियों के लिए प्लॉट योजनाओं को भी मंजूरी के लिए रखा जा सकता है।
किसानों के सात प्रतिशत आबादी प्लॉट का मुद्दा भी अहम
बोर्ड बैठक में किसानों को सात प्रतिशत आबादी प्लॉट देने से संबंधित प्रस्ताव भी स्वीकृति के लिए रखे जाने की संभावना है। विकसित आबादी प्लॉटों के आवंटन को लेकर किसान संगठनों की ओर से प्राधिकरण पर लगातार दबाव बना हुआ है।
प्लॉट आवंटन में देरी से विकास परियोजनाओं पर असर
आबादी प्लॉटों के आवंटन में देरी का असर यमुना क्षेत्र की विकास परियोजनाओं पर भी पड़ रहा है। किसान संगठनों की मांग और लंबित मामलों को देखते हुए प्राधिकरण की आगामी बोर्ड बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
।


