नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र की एगिन रॉयल सोसायटी निवासी जीएसटी सलाहकार संदीप कुमार से फिरौती वसूलने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नकदी और गहने किए बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 24 लाख 50 हजार रुपये की नकदी और करीब साढ़े चार हजार रुपये कीमत के गहने बरामद किए गए हैं। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर फिरौती की पूरी रकम और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
सरगना ने फिरौती की रकम से छुड़ाए थे गहने
जांच में सामने आया है कि पूरे मामले के सरगना ने फिरौती से मिली रकम का इस्तेमाल कर भंगेल स्थित मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखे गहनों को छुड़ाया था। पुलिस बरामद सामान और रकम के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
पांच आरोपितों की हुई पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कशिश चौहान उर्फ ईशु, निवासी असगरीपुर गोहवार, थाना नूरपुर, बिजनौर; राजेश, निवासी अर्पण विहार, जैतपुर एक्सटेंशन, महरौली, दिल्ली; विवेक शर्मा, निवासी गांव पचेहरा, थाना गौझील, मथुरा; अंकित शाही, निवासी गांव निशानियां पेकोली, थाना खामपार, देवरिया और अंशुल, निवासी शांति नगर, एटा के रूप में की है।


