नोएडा में ‘डेथ ट्रैप’ बने खुले गड्ढे: खुदाई के बाद सड़कों को यूं ही छोड़ गए विभाग, सेक्टर-45 से सेक्टर-104 तक हाहाकार

नोएडा में विकास कार्यों के नाम पर खोदे गए गड्ढे अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगे हैं। शहर के अलग-अलग सेक्टरों में सीवर, पानी, बिजली और अन्य परियोजनाओं के लिए खुदाई तो कर दी गई, लेकिन काम पूरा होने के बाद गड्ढों को बंद नहीं किया गया। गुरुवार की बारिश के बाद इनमें पानी भर गया, जिससे सड़क और गड्ढे में फर्क करना मुश्किल हो गया है।

सेक्टरों में खुले पड़े हैं मौत को न्योता देते गड्ढे

शहर के सेक्टर-107, सेक्टर-104, सेक्टर-45, सेक्टर-122, सेक्टर-145, सेक्टर-48 और सेक्टर-22 समेत कई इलाकों में खुदाई के बाद गड्ढे खुले छोड़ दिए गए हैं। कई जगहों पर काम अधूरा पड़ा है, जबकि कहीं विभागों ने सुरक्षा इंतजाम तक नहीं किए।

न बैरिकेडिंग, न चेतावनी बोर्ड

सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन खतरनाक गड्ढों के आसपास न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई है और न ही रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। बारिश के बाद पानी भरने से गड्ढे पूरी तरह छिप गए, जिससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ गया है।

सेक्टर-45 में 50 से ज्यादा खुले गड्ढे

सेक्टर-45 में हालात सबसे खराब बताए जा रहे हैं। यहां कुछ ही दूरी पर 50 से ज्यादा गड्ढे खुले पड़े हैं। खुदाई के बाद न तो उन्हें ढका गया और न ही आसपास बिखरे पाइप हटाए गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक कई लोग पहले भी पाइप से ठोकर खाकर गिर चुके हैं। बारिश के दौरान कई बाइक सवार अनियंत्रित होते-होते बचे।

सेक्टर-104 में फिसलकर गिरे बाइक सवार

सेक्टर-104 में खुदाई के बाद मिट्टी के ढेर सड़क किनारे छोड़ दिए गए। बारिश के बाद यह मिट्टी सड़क पर फैल गई और सड़क फिसलन भरी हो गई। स्थानीय निवासियों के अनुसार बारिश रुकने के बाद दो बाइक सवार फिसलकर गिर गए।

बड़ा हादसा होने का इंतजार?

निवासियों का आरोप है कि विभागों की लापरवाही लगातार लोगों की जान जोखिम में डाल रही है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? लोगों ने मांग की है कि खुले गड्ढों को तुरंत बंद कराया जाए और जहां काम जारी है वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें