नोएडा। सेक्टर-46 में लगातार सामने आ रही बिजली समस्याओं के समाधान और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बुधवार को यूपीपीसीएल कार्यालय में मुख्य अभियंता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों और सेक्टर प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सेक्टर की बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित किए गए।
30 जून तक तैयार होगी नई सप्लाई केबल, तीन नए ट्रांसफार्मर लगेंगे
बैठक में तय किया गया कि सेक्टर-45 सबस्टेशन से सेक्टर-46 तक नई बिजली सप्लाई केबल का कार्य 30 जून 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। इससे सेक्टर की मौजूदा बिजली आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। साथ ही सेक्टर-129 से मिलने वाली वर्तमान सप्लाई को वैकल्पिक स्रोत के रूप में बनाए रखा जाएगा। इसके अलावा इस सप्ताह तीन नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना कर उन्हें तत्काल चालू करने का निर्णय लिया गया।

शॉर्ट सर्किट रोकने के लिए लगेंगे सेपरेटर, सेक्टर-100 को मिलेगा अलग स्रोत
बिजली लाइनों में शॉर्ट सर्किट की घटनाओं को रोकने के लिए 18 जून से ओवरहेड तारों पर बांस के सेपरेटर लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। बैठक में यह भी बताया गया कि सेक्टर-100 को सेक्टर-46 की लाइन से अलग किया जाएगा, क्योंकि अगले एक सप्ताह के भीतर सेक्टर-100 के लिए स्वतंत्र बिजली स्रोत चालू कर दिया जाएगा। इससे सेक्टर-46 पर पड़ने वाला अतिरिक्त लोड कम होगा और बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर बनेगी।
क्षतिग्रस्त पोल बदले जाएंगे, जुलाई से शुरू होगा इंसुलेटेड वायर लगाने का काम
बैठक में क्षतिग्रस्त बिजली पोलों को बदलने का भी निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि खतरनाक स्थिति में पहुंच चुके पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाएगा, जबकि अन्य पोलों का प्रतिस्थापन गर्मी के मौसम के बाद किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही सर्वे कराया जाएगा। वहीं पेड़ों से घिरी और अधिक प्रभावित ओवरहेड लाइनों पर इंसुलेटेड तार लगाने की योजना भी बनाई गई है। इसके लिए आवश्यक सामग्री जुलाई के पहले सप्ताह तक आने की संभावना है और कार्य जुलाई के मध्य से शुरू किया जाएगा।
बैठक में मुख्य अभियंता, एक्सईएन सेक्टर-46, एई/एसडीओ सेक्टर-46, एसडीओ (33 केवी), जेई सेक्टर-46 के अलावा सेक्टर प्रतिनिधि वी.के. राणा, अनूप बगई, एस. कालरा, संजय अवाना और तनुज गुप्ता उपस्थित रहे।


