नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने अपने तीन प्रस्तावित मेट्रो रूटों के स्टेशनों के डिजाइन में बड़ा बदलाव किया है। अब ग्रेटर नोएडा डिपो-बोड़ाकी, बोटेनिकल गार्डन-सेक्टर-142 और सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट (चार मूर्ति) रूट पर बनने वाले स्टेशन नए स्वरूप में विकसित किए जाएंगे।
स्टेशन के साथ बनेगा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स
एनएमआरसी ने स्टेशन की लंबाई (140 मीटर) और चौड़ाई (30 मीटर) में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि, डिजाइन में संशोधन करते हुए स्टेशन की ऊंचाई दो मंजिल बढ़ाई जाएगी। इसके तहत मेट्रो स्टेशन के साथ तीन मंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा, जहां दुकानें और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो सकेंगी।
देश के पहले चार मंजिला मेट्रो स्टेशन
नई योजना लागू होने के बाद नोएडा देश का पहला शहर बन जाएगा, जहां चार मंजिला मेट्रो स्टेशन होंगे। इस मॉडल से एनएमआरसी को गैर-किराया (नॉन-फेयर) राजस्व बढ़ाने में मदद मिलेगी, वहीं स्टेशनों का व्यावसायिक उपयोग भी अधिक प्रभावी होगा।
यात्रियों को मिलेगा शॉपिंग का अनुभव
नई व्यवस्था के तहत एक्वा लाइन के यात्रियों को सफर के साथ-साथ स्टेशन परिसर में खरीदारी और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। एनएमआरसी का उद्देश्य मेट्रो स्टेशनों को केवल आवागमन का केंद्र नहीं, बल्कि आधुनिक बहुउद्देशीय सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करना है।


