Noida News : नोएडा के सेक्टर-38ए स्थित बॉटनिकल गार्डन बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी तेज हो गई है। नोएडा प्राधिकरण ने बस स्टैंड के पुनर्विकास के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इस परियोजना पर करीब 16 करोड़ 95 लाख 28 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार अगस्त 2026 से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
आईआईटी दिल्ली ने तैयार किया डिजाइन और डीपीआर
प्राधिकरण ने करीब सवा साल पहले इस परियोजना को मंजूरी देने की प्रक्रिया शुरू की थी। सीईओ से सैद्धांतिक सहमति मिलने के बाद बस स्टैंड का डिजाइन और डीपीआर आईआईटी दिल्ली से तैयार कराई गई। अब टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक एजेंसियां एक जून शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकेंगी, जबकि दो जून को टेंडर खोला जाएगा।
26 प्लेटफॉर्म और आधुनिक पार्किंग की सुविधा
महामाया फ्लाईओवर के पास स्थित इस बस स्टैंड को करीब 2.85 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। यहां बसों के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए 26 प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे। इसके साथ ही 26 बसों के लिए पार्किंग क्षेत्र भी तैयार किया जाएगा, जिन पर डिजाइनर शेड लगाए जाएंगे।
इलेक्ट्रिक बसों के लिए बनेंगे चार चार्जिंग स्टेशन
परियोजना में इलेक्ट्रिक बसों की जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है। यहां चार ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिनसे एक समय में आठ इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज किया जा सकेगा। इसके अलावा अलग से आठ बसों के लिए चार्जिंग प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

यात्रियों को मिलेंगी कई नई सुविधाएं
बस स्टैंड को यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से यहां आधुनिक प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, फूड कोर्ट, शौचालय और पुलिस चौकी बनाई जाएगी। साथ ही आठ क्योस्क और 14 ऑटो के लिए ड्रॉप एरिया भी विकसित किया जाएगा।
एक साल में पूरा होगा काम
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक यदि टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी हो जाती है तो अगस्त से निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। पूरी परियोजना को पूरा होने में करीब एक साल का समय लगेगा।






