नोएडा। गौतमबुद्ध नगर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्याओं को लेकर डीडी आरडब्ल्यूए फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष एन.पी. सिंह के नेतृत्व में पुलिस उपायुक्त (यातायात) अभय कुमार मिश्र से मिला। सेक्टर-14 स्थित कार्यालय में हुई बैठक के दौरान फेडरेशन ने जिले की यातायात व्यवस्था से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को उठाते हुए उनके समाधान के लिए विस्तृत सुझाव सौंपे।
बैठक में फेडरेशन के अध्यक्ष एन.पी. सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार, उपाध्यक्ष अनिल सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी ट्रैफिक को नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा।
सेक्टर-18 से लेकर सेक्टर-62 तक अवैध पार्किंग से जाम
फेडरेशन ने बताया कि सेक्टर-18, सेक्टर-51 और 52 मेट्रो स्टेशन, अट्टा मार्केट, बोटैनिकल गार्डन और सेक्टर-62 जैसे प्रमुख स्थानों पर ई-रिक्शा और ऑटो की अवैध पार्किंग के कारण रोजाना भारी जाम की स्थिति बनती है। यात्रियों और स्थानीय निवासियों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ती है।
गलत रोड इंजीनियरिंग और यू-टर्न बन रहे हादसों की वजह
बैठक में नोएडा की रोड इंजीनियरिंग पर भी गंभीर सवाल उठाए गए। फेडरेशन का कहना है कि शहर में कई स्थानों पर बिना वैज्ञानिक योजना के बनाए गए कट और यू-टर्न दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। गलत डिजाइन के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और सड़कें दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट में बदल रही हैं।
ट्रैफिक पुलिस की कमी से बढ़ रही अव्यवस्था
फेडरेशन ने कहा कि जिले में ट्रैफिक पुलिस की सीमित मैनपावर के कारण प्रमुख चौराहों और एक्सप्रेसवे एंट्री प्वाइंट्स पर भारी जाम लगता है। सेक्टर-37, सेक्टर-57, महामाया फ्लाईओवर, सेक्टर-52 यू-टर्न और सेक्टर-75 स्थित स्पेक्ट्रम मॉल के आसपास पीक आवर्स में हालात सबसे ज्यादा खराब रहते हैं।
बिना नंबर प्लेट वाहनों और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर सख्ती की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों पर विशेष अभियान चलाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग रोकने और लालबत्ती उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। फेडरेशन का कहना है कि ऐसे उल्लंघन जिले में दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन चुके हैं।
सीसीटीवी और ई-चालान व्यवस्था मजबूत करने का सुझाव
फेडरेशन ने ट्रैफिक नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और ई-चालान प्रणाली को और मजबूत करने की मांग की। उनका मानना है कि तकनीक के उपयोग से नियमों का बेहतर पालन सुनिश्चित किया जा सकता है।
महिलाओं की सुरक्षा और अवैध थ्री-व्हीलर स्टैंड भी बने मुद्दा
बैठक में मेट्रो स्टेशनों पर ऑटो चालकों द्वारा महिलाओं और बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार की शिकायतें भी उठाई गईं। फेडरेशन ने ऐसे स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने की मांग की। साथ ही सेक्टर-51 स्थित बीडीएस मार्केट और अन्य स्थानों पर चल रहे अनधिकृत थ्री-व्हीलर स्टैंडों को हटाने की भी मांग की गई।
सेक्टरों के अंदर दौड़ रहे कमर्शियल ई-रिक्शा और बैंक्वेट हॉलों पर भी उठे सवाल
फेडरेशन ने कहा कि कई कमर्शियल ई-रिक्शा सेक्टरों के अंदर से होकर गुजर रहे हैं, जिससे स्थानीय यातायात प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा कुछ बैंक्वेट हॉलों में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर खड़े वाहन जाम की बड़ी वजह बन रहे हैं।
डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने फेडरेशन द्वारा दिए गए सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। फेडरेशन ने भी ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में पुलिस और प्रशासन के साथ सहयोग जारी रखने की बात कही।






