
नोएडा। सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के समक्ष सेक्टर-105 में डिजिटल लाइब्रेरी और अत्याधुनिक क्लब हाउस के निर्माण का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि सेक्टर के निवासी लंबे समय से सर्वसुविधायुक्त डिजिटल लाइब्रेरी और क्लब हाउस की मांग कर रहे हैं। आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने की अपील की है।

सेक्टर-52 की प्रस्तावित लाइब्रेरी को सेक्टर-105 में स्थानांतरित करने की मांग
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने कहा कि सेक्टर-52 के भूखंड संख्या बी-195 में प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी को लेकर स्थानीय निवासियों और आरडब्ल्यूए की कुछ व्यावहारिक सीमाएं और असहमतियां हैं। ऐसे में उन्होंने सुझाव दिया कि यदि वहां इस योजना को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है तो प्रशासनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए डिजिटल लाइब्रेरी को सेक्टर-105 में स्थानांतरित किया जा सकता है। उनके मुताबिक सेक्टर-105 के निवासी और युवा इस सुविधा का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।
एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी को बताया प्रमुख वजह
दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि सेक्टर-105 नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ा हुआ है। यहां बेहतर कनेक्टिविटी और पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होने के कारण आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए भी पहुंच आसान रहेगी। उन्होंने कहा कि सेक्टर का शांत और स्वच्छ वातावरण विद्यार्थियों और युवाओं के लिए पढ़ाई तथा ज्ञान अर्जित करने के लिहाज से उपयुक्त है। डिजिटल लाइब्रेरी और क्लब हाउस बनने से आसपास के कई सेक्टरों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिल सकता है।
युवाओं और बुजुर्गों के लिए मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी के साथ अत्याधुनिक क्लब हाउस बनने से विद्यार्थियों, युवाओं, खेल प्रेमियों और बुजुर्गों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने प्राधिकरण के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि नागरिकों की जरूरतों और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्राधिकरण सेक्टर-105 में इस परियोजना को विकसित करने पर गंभीरता से विचार करेगा।


