
नोएडा। सेक्टर-73 स्थित महादेव अपार्टमेंट में रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन की ओर से एक दिवसीय निःशुल्क महिला स्वास्थ्य एवं सेरेब्रल पाल्सी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के अभिभावकों को सही थेरेपी और देखभाल की जानकारी देना रहा। शिविर में 100 से अधिक महिलाओं और बच्चों ने स्वास्थ्य सेवाओं एवं परामर्श का लाभ उठाया।
विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर दिया परामर्श
शिविर में फाउंडेशन के संस्थापक एवं वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. महिपाल सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव और सीईओ डॉ. सुष्मिता भाटी ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। विशेषज्ञों ने महिलाओं को पोस्चर करेक्शन, कमर दर्द और पीरियड्स के दौरान स्वास्थ्य देखभाल से जुड़ी जरूरी जानकारियां दीं। साथ ही दैनिक जीवन में स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने के उपाय भी बताए गए।
सेरेब्रल पाल्सी बच्चों के अभिभावकों को होम प्रोटोकॉल की जानकारी
शिविर के दौरान सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों के माता-पिता को होम प्रोटोकॉल और समय पर थेरेपी कराने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने अभिभावकों को बच्चों की नियमित देखभाल, थेरेपी और आवश्यक अभ्यास के संबंध में जागरूक किया। इस दौरान अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया और बच्चों के बेहतर विकास के लिए जरूरी सुझाव दिए गए।
विशेष अतिथि ने बढ़ाया अभिभावकों का मनोबल
कार्यक्रम में देहरादून की संस्था ‘विंसम स्टेप्स’ की डायरेक्टर श्रीमती पूनम मिश्रा ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के अभिभावकों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ बच्चों की देखभाल के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में फिजियोथेरेपिस्ट अभिनव प्रताप सिंह, स्पेशल एजुकेटर इलिका रावत और एडमिन हेड कृष्णा यादव सहित फाउंडेशन की पूरी टीम ने सक्रिय योगदान दिया। डॉ. महिपाल सिंह ने कहा कि जागरूकता ही बचाव है और फाउंडेशन भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित करता रहेगा।



