ग्रेटर नोएडा गुरुवार को देश का सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 329 रिकॉर्ड किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी के करीब माना जाता है। पिछले दो हफ्तों से लगातार ग्रेटर नोएडा की हवा खराब और बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है।
नोएडा की हवा भी लगातार खराब
नोएडा का AQI गुरुवार को 212 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। शहर में लगातार चार दिनों से वायु गुणवत्ता खराब बनी हुई है, जिससे लोगों को सांस संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नॉलेज पार्क-3 की हवा पहुंची गंभीर श्रेणी में
जिले का सबसे प्रदूषित इलाका नॉलेज पार्क-3 रहा, जहां AQI 405 दर्ज किया गया। यहां पीएम 2.5 का अधिकतम स्तर 713 और पीएम 10 का स्तर 835 तक पहुंच गया, जो बेहद खतरनाक माना जाता है।
प्रदूषण के कारण अब तक साफ नहीं
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने पिछले सप्ताह बढ़ते प्रदूषण के कारणों की जांच की थी, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है। खास बात यह है कि दिल्ली-एनसीआर के अन्य शहर टॉप-5 प्रदूषित शहरों में शामिल नहीं रहे, जबकि ग्रेटर नोएडा लगातार खराब स्थिति में बना हुआ है।
बारिश से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बारिश होने की संभावना है। उम्मीद जताई जा रही है कि बारिश से प्रदूषण स्तर में कुछ राहत मिल सकती है।






