ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्री सेवाएं शुरू होने के बाद महज 21 दिनों में 40 हजार से अधिक यात्री सफर कर चुके हैं। 15 जून को शुरू हुई सेवा के मुकाबले 5 जुलाई तक यात्री संख्या में 84 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। एक जुलाई से नौ नए शहरों के लिए उड़ानें शुरू होने के बाद प्रतिदिन यात्रियों की संख्या ढाई हजार के करीब पहुंच गई है।
नई उड़ानों से बढ़ी कनेक्टिविटी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इसके बाद 15 जून से इंडिगो ने लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए उड़ानें शुरू कीं। 16 जून से अकासा एयर ने जम्मू, बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए सेवाएं शुरू कीं। वहीं, एक जुलाई से नौ नए शहरों को जोड़ने के साथ श्रीनगर के लिए भी कनेक्टिंग फ्लाइट उपलब्ध हो गई है।
84 फीसदी बढ़ी दैनिक यात्री संख्या
एयरपोर्ट की बढ़ती कनेक्टिविटी का असर यात्री संख्या पर साफ दिखाई दे रहा है। 15 जून को जहां कुल 1,427 यात्रियों ने सफर किया था, वहीं 5 जुलाई को यह संख्या बढ़कर 2,636 पहुंच गई। अब तक एयरपोर्ट से आने और जाने वाले यात्रियों की कुल संख्या 40,060 दर्ज की जा चुकी है। एक जुलाई से प्रतिदिन यात्रियों की संख्या लगातार 2,500 के आसपास बनी हुई है।
ट्रांसफर और ट्रांजिट यात्रियों में भी इजाफा
एयरपोर्ट पर ट्रांसफर यात्रियों की संख्या बढ़कर 658 और ट्रांजिट यात्रियों की संख्या 310 हो गई है, जबकि 15 जून को यह आंकड़ा क्रमशः 10 और 100 था। ट्रांजिट यात्री उसी विमान में सफर जारी रखते हैं, जबकि ट्रांसफर यात्रियों को विमान बदलना पड़ता है और दोबारा सुरक्षा जांच की प्रक्रिया से गुजरना होता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में नई उड़ानों के साथ यात्रियों की संख्या में और तेजी से वृद्धि होने की उम्मीद है।


