नोएडा। आमजन, बुजुर्गों और जरूरतमंदों को घर बैठे सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नोएडा लोक मंच के निःशुल्क दवा बैंक एवं चिकित्सा केंद्र तथा फेलिक्स हॉस्पिटल, नोएडा ने संयुक्त रूप से ऑनलाइन हेल्थ सर्विस की शुरुआत की है। इस सेवा के तहत अब मात्र 30 रुपये में 24 घंटे अनुभवी डॉक्टरों से वीडियो कंसल्टेशन की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और ई-प्रिस्क्रिप्शन जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।
फेलिक्स हॉस्पिटल देगा 24 घंटे मेडिकल सपोर्ट, इमरजेंसी में एंबुलेंस सुविधा
नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी, सेक्टर-15 में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस नई स्वास्थ्य सेवा का शुभारंभ किया गया। फेलिक्स हॉस्पिटल के सीएमडी डॉ. डी. के. गुप्ता ने बताया कि मरीजों को 24 घंटे ऑनलाइन डॉक्टर परामर्श मिलेगा। आपातकालीन स्थिति में 15 से 20 किलोमीटर के दायरे में 24 घंटे संचालित फार्मेसी से दवाएं 15 प्रतिशत छूट पर उपलब्ध कराई जाएंगी। जरूरत पड़ने पर निःशुल्क एंबुलेंस सेवा भी दी जाएगी, जो मरीजों को फेलिक्स हॉस्पिटल या सरकारी अस्पताल तक पहुंचाने में मदद करेगी। इसके अलावा आईपीडी उपचार पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट भी प्रदान की जाएगी।
पत्रकारों ने सेवा, शुल्क और सुविधाओं को लेकर पूछे सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने ऑनलाइन हेल्थ सर्विस की उपलब्धता, 30 रुपये के परामर्श शुल्क, बुजुर्गों और जरूरतमंद मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं तथा फेलिक्स हॉस्पिटल की भूमिका को लेकर सवाल किए। योजना से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और किफायती बनाना है। उन्होंने कहा कि कई बार बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल होता है, ऐसे में ऑनलाइन वीडियो कंसल्टेशन उनके लिए मददगार साबित होगा।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना लक्ष्य
नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को आयोजित होने वाले मेगा हेल्थ कैंप में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और हेल्थ कार्ड बनाने की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य केवल दवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना है। तकनीक और वीडियो कंसल्टेशन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में फेलिक्स हॉस्पिटल के सीएमडी डॉ. डी. के. गुप्ता, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता सहित नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना, विनीत गर्ग, पवन यादव, आर. एन. श्रीवास्तव, कुशाग्र अवस्थी, जमील अहमद, एस. के. जैन, वी. के. जैन, मुकुल बाजपेयी, रेनू छिब्बर, विभा बंसल, विनोद शर्मा, ओ. पी. पारीक, ब्रज गोपाल और प्रदीप वोहरा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
स्वस्थ समाज के संकल्प के साथ सेवा का होगा विस्तार
नोएडा लोक मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि “स्वस्थ समाज, सशक्त समाज, बेहतर हर इंसान” के संकल्प के साथ जनहितकारी स्वास्थ्य सेवाओं को आगे भी विस्तार दिया जाएगा। ऑनलाइन हेल्थ सर्विस के जरिए लोगों को कम खर्च में बेहतर चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें।


