नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फटकार के बाद हरनंदी किनारे स्थित छिजारसी के डूब क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। बिजली निगम की टीम पुलिस बल के साथ क्षेत्र में उतरी और बड़े पैमाने पर अवैध बिजली कनेक्शन काटे गए।
3 हजार अवैध कनेक्शन काटे, 19 लोगों पर मुकदमा
नोएडा-ग्रेटर नोएडा के डूब क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान करीब 3 हजार अवैध बिजली कनेक्शन काट दिए गए। बिजली चोरी और अवैध कनेक्शन से जुड़े मामले में 19 लोगों के खिलाफ विजिलेंस थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
10 ट्रांसफार्मर जब्त, अवैध तार भी हटाए गए
बिजली विभाग की कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए इस्तेमाल किए जा रहे 10 ट्रांसफार्मर भी जब्त किए गए। चोटपुर कॉलोनी में बिछाए गए अवैध बिजली तारों को हटाया गया। अधिकारियों ने अवैध उगाही करने वालों के खिलाफ संबंधित थानों में शिकायत भी दर्ज कराई है।
2017 से चल रहा था बिजली चोरी का सिंडिकेट
अधिकारियों के अनुसार, हरनंदी किनारे छिजारसी के डूब क्षेत्र में वर्ष 2017 से बिजली चोरी का एक संगठित सिंडिकेट सक्रिय था। प्रशासन और बिजली विभाग की कथित अनदेखी के बीच क्षेत्र के 20 हजार से अधिक घरों में बिना वैध कनेक्शन बिजली आपूर्ति की जा रही थी।


