नोएडा। रक्षाबंधन के दिन सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 1272 चालान किए गए।
यातायात नियमों के प्रति चालकों को किया गया जागरूक
अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को सुरक्षित सफर और यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया। विपरीत दिशा में वाहन चलाने, फाल्टी नंबर प्लेट लगाने, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने और ओवरस्पीडिंग जैसे मामलों को लेकर लोगों को नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।
ऑनलाइन और भौतिक सत्यापन के बाद कटे हेलमेट के चालान
यातायात पुलिस के डीसीपी प्रभारी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि सुबह 10 बजे से सेक्टर-62 और सेक्टर-50 क्षेत्र में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया। बिना हेलमेट पहने बाइक चलाने वाले चालकों के चालान ऑनलाइन और भौतिक सत्यापन के बाद किए गए।
विपरीत दिशा, नो पार्किंग और ओवरस्पीड पर भी कार्रवाई
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने विपरीत दिशा में वाहन चलाने पर 290, नो पार्किंग में 421, फाल्टी नंबर प्लेट पर 236 और ओवरस्पीडिंग के मामलों में 528 चालान किए।


