नोएडा। फेज-1 थाना पुलिस ने रविवार को सेक्टर-2 स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य सरगना दो सगे भाइयों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्पाइसजेट एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर देशभर के युवाओं से ठगी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले करीब 18 महीने से सक्रिय था।
500 से अधिक युवाओं को बनाया शिकार
प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि आरोपी अब तक 500 से अधिक लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर चुके हैं। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को एयरलाइंस में भर्ती का झांसा देकर उनसे विभिन्न शुल्क के नाम पर रकम वसूली जाती थी। मामले की जांच जारी है और ठगी की वास्तविक रकम का आकलन किया जा रहा है।
मोबाइल और बैंक खातों पर मिलीं 20 शिकायतें
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन और बैंक खातों के संबंध में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर देशभर से 20 शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस इन शिकायतों के आधार पर अन्य राज्यों में हुई ठगी के मामलों की भी जांच कर रही है।
गश्त के दौरान मिली सूचना, तीसरी मंजिल पर चल रहा था कॉल सेंटर
एडीसीपी ने बताया कि शनिवार रात करीब 8:30 बजे गश्त के दौरान फेज-1 थाना पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-2 स्थित सी-76 बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर एक कॉल सेंटर संचालित हो रहा है। यहां से लोगों को निजी कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की जा रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


