ग्रेटर नोएडा: बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे पर हुई सोने-चांदी के आभूषणों की लूट का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात की साजिश दो सगे भाइयों ने अपने बहनोई का कर्ज चुकाने के लिए रची थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले के कई अहम तथ्य सामने आए हैं।
₹1.28 करोड़ के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.28 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने दो सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी स्नातक (ग्रेजुएट) हैं।
व्यापारी के कर्मचारियों को बनाया था निशाना
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि आगरा के एक व्यापारी का मुनीम और चालक दिल्ली से सोने-चांदी के आभूषण लेकर आगरा जा रहे थे। रविवार शाम यमुना एक्सप्रेसवे पर कार सवार चार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हुए थे बदमाश
वारदात के दौरान आरोपी सोने और चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूटकर मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज की, जिसके बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए आभूषण भी बरामद कर लिए गए।


