नोएडा।नोएडा सेक्टर-66 के मामूरा में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ने महिला के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने के शक में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को पिकअप में रखकर दादरी के कोट गांव स्थित नहर में फेंक दिया गया।
आरोपी ने पत्नी को फोन कर दी थी जान से मारने की धमकी
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद मुख्य आरोपी सुभाष चंद्र ने अपनी पत्नी को फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। करीब एक सप्ताह पहले सेक्टर-66 मामूरा निवासी उसकी पत्नी कांति देवी ने फेज-3 थाने में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आशंका जताई थी कि सुभाष ने लिव-इन में रह रही महिला की हत्या की है। पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस को मिली हत्या की जानकारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी सुभाष चंद्र मूल रूप से फिरोजाबाद के एका थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी है। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस को महिला की हत्या से जुड़े सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हुआ।
अवैध संबंधों के शक में लिव-इन पार्टनर से हुआ था विवाद
जांच में सामने आया कि 27 जुलाई को सुभाष का लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला से विवाद हुआ था। आरोपी को महिला के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी।


