नोएडा।गौतमबुद्ध नगर की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज होती नजर आ रही हैं। दादरी में सपा और भाजपा की सभाओं के बाद अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी जिले में अपना चुनावी अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। बसपा के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद 25 अगस्त को दनकौर में जनसभा करेंगे।
आदर्श इंटर कॉलेज के मैदान में होगा कार्यकर्ता सम्मेलन
दनकौर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज के खेल मैदान में होने वाली सभा को कार्यकर्ता सम्मेलन का नाम दिया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे होगी। इसमें आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बसपा कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जेवर विधानसभा सीट से उम्मीदवार की घोषणा संभव
बसपा की इस सभा को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि मंच से जेवर विधानसभा सीट के लिए पार्टी के उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जा सकती है। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जेवर-दादरी में रहा है बसपा का मजबूत आधार
जेवर विधानसभा सीट बसपा के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। वर्ष 2002 में नरेंद्र कुमार, 2007 में होराम सिंह और 2012 में वेदराम भाटी बसपा के टिकट पर विधायक बने थे। दादरी विधानसभा क्षेत्र में भी बसपा का प्रभाव रहा है और सतवीर गुर्जर यहां लगातार विधायक रहे हैं।


