[gtranslate]
[gtranslate]

नोएडा सेक्टर-105 में पानी की बर्बादी रोकने की पहल, आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से की ऑटोमैटिक फ्लोट वाल्व लगाने की मांग

विज्ञापन

नोएडा। सेक्टर-105 में पेयजल की बर्बादी रोकने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने पहल की है। एसोसिएशन ने पानी की टंकी से होने वाले ओवरफ्लो की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण के जल एवं सीवर विभाग के महाप्रबंधक आर. पी. सिंह को पत्र भेजा है। इसमें आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से पानी की बर्बादी रोकने और भूजल स्तर बढ़ाने के उपाय सुझाए गए हैं।

विज्ञापन

टंकी भरते ही अपने आप बंद हो जलापूर्ति

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि सेक्टर में स्थित पानी की टंकी पर ऑटोमैटिक फ्लोट वाल्व लगाया जाए। इससे टंकी भरते ही पानी की आपूर्ति स्वतः रुक जाएगी और ओवरफ्लो के कारण पेयजल की बर्बादी नहीं होगी। एसोसिएशन का मानना है कि इस तकनीक के इस्तेमाल से पानी की बचत होगी और जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

रेनवाटर हार्वेस्टिंग पिट से जोड़ने का सुझाव

एसोसिएशन ने टंकी की ओवरफ्लो पाइपलाइन को रेनवाटर हार्वेस्टिंग पिट से जोड़ने का भी सुझाव दिया है। इससे ओवरफ्लो के दौरान निकलने वाला पानी नालियों में बहकर बर्बाद होने के बजाय भूजल स्तर बढ़ाने में उपयोगी हो सकेगा। आरडब्ल्यूए ने इस व्यवस्था को लागू करने के साथ-साथ विभागीय निगरानी और कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया है।

जल संरक्षण के लिए शहरवासियों से अपील

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि जल संरक्षण केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नोएडा प्राधिकरण इस समस्या के समाधान के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाएगा। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से पानी की प्रत्येक बूंद का महत्व समझने और अनावश्यक रूप से पानी बहने से रोकने की अपील की। एसोसिएशन का उद्देश्य सेक्टर-105 में जल संरक्षण की बेहतर व्यवस्था विकसित करना और शहर के अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक उदाहरण प्रस्तुत करना है।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

नोएडा से 2027 विधानसभा चुनाव कौन जीतेगा?

View Results

Loading ...

आज का राशिफल देखें