ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर जिले के ग्रेटर नोएडा के जीटा-1 स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी के विला में हुई लूट और चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना सूरजपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि उनके दो अन्य साथियों को जंगल में कांबिंग अभियान चलाकर दबोच लिया।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दो घायल
पुलिस के अनुसार, तिलपता गोलचक्कर पर वाहन चेकिंग के दौरान दिल्ली नंबर की एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक कार लेकर फरार हो गया। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। कुछ दूरी पर कार छोड़कर जंगल की ओर भागे बदमाशों ने घिरने पर फिर गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
कांबिंग अभियान में दो और आरोपी दबोचे
घायल आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जंगल में सर्च और कांबिंग अभियान चलाया। इस दौरान फरार होने की कोशिश कर रहे दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चार जुलाई की रात विला में हुई थी 15 लाख की लूट
पुलिस के अनुसार, चार जुलाई की देर रात पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी के एक विला में बदमाश ने घुसकर महिला को चाकू की नोक पर बंधक बनाया और करीब 15 लाख रुपये के आभूषण व अन्य सामान लूट लिया था। पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि वारदात को एक बदमाश ने अंजाम दिया था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटकांड का खुलासा किया।


