Greater Noida News : दादरी के विधायक तेजपाल नागर ने शनिवार को नवनिर्मित शाहबेरी 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया। करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए इस विद्युत उपकेंद्र के चालू होने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कई कॉलोनियों को मिलेगा सीधा लाभ
नए उपकेंद्र के शुरू होने के बाद शाहबेरी, फर्नीचर मार्केट, न्यू हवेरपुर और ग्रेटर नोएडा की व्हाइट ऑर्किड समेत आसपास की कई कॉलोनियों को अब सुदामपुरी उपकेंद्र के बजाय शाहबेरी उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति मिलेगी। इससे स्थानीय उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली मिलने का दावा किया गया है।
लाइन लॉस कम होगा, फॉल्ट का होगा त्वरित समाधान
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस उपकेंद्र के शुरू होने से लाइन लॉस में कमी आएगी और स्थानीय स्तर पर फॉल्ट का तेजी से निस्तारण किया जा सकेगा। साथ ही क्षेत्र में बेहतर वोल्टेज प्रोफाइल मिलने से उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
सुदामपुरी उपकेंद्र का भार होगा कम
शाहबेरी विद्युत उपकेंद्र चालू होने के बाद सुदामपुरी उपकेंद्र पर बढ़ता लोड भी कम होगा। इससे दोनों क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति अधिक संतुलित और प्रभावी हो सकेगी।
निर्बाध बिजली आपूर्ति की दिशा में बड़ा कदम
विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नया विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।






