नोएडा। सेक्टर-105 स्थित फॉर्च्यून वर्ल्ड स्कूल में रविवार को ‘स्ट्रीम फेस्ट’ का आयोजन किया गया। विद्यालय के अत्याधुनिक ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने अतिथियों और अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।
दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने खेल, आधुनिक शिक्षा, विज्ञान, ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सस्टेनेबल लिविंग जैसे विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, मेहनत और विषयों की व्यावहारिक समझ देखने को मिली।

गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के मॉडल्स की सराहना की
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व जीएसटी कमिश्नर उपेंद्र गुप्ता, प्रशासनिक अधिकारी एवं आईएएस विनीता श्रीवास्तव, जर्मनी स्थित शोध विज्ञानी वरुण गुप्ता, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के आर्किटेक्ट शिवेंद्र पांडे, सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) और प्रबुद्ध नागरिक सुरेश बंसल मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए वर्किंग मॉडल्स और इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स की सराहना की।

व्यावहारिक शिक्षा से बच्चों में विकसित होती है रचनात्मकता
विद्यालय के चेयरमैन मोहन गोयल, चेयरपर्सन शशि गोयल, डायरेक्टर उन्तक गोयल और प्रधानाचार्या भारती सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि जब विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ स्वयं प्रयोग करते हैं तो सीख अधिक प्रभावी और स्थायी बनती है। ऐसे व्यावहारिक अनुभव बच्चों में तार्किक क्षमता, रचनात्मकता और नई चीजें सीखने की प्रवृत्ति विकसित करते हैं।


