नोएडा। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी वर्षा का असर अब नोएडा में भी दिखाई देने लगा है। हरनंदी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। शनिवार देर शाम तक चोटपुर कॉलोनी, युसुफपुर और शाहबेरी गांव के रिहायशी क्षेत्रों में करीब 200 मीटर तक पानी पहुंचने की सूचना मिली।
प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सभी संबंधित अधिकारियों को हरनंदी नदी के किनारे बसे क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव के इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार और नायब तहसीलदार प्रीति बालियान ने शनिवार को प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली।
चोटपुर कॉलोनी के अंतिम मकान तक पहुंचा पानी
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि चोटपुर कॉलोनी में पानी अंतिम मकान तक पहुंच चुका है। प्रशासन लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए है और हालात बिगड़ने की स्थिति में तुरंत आवश्यक कदम उठाने की तैयारी कर रहा है।


